
हाइलाइट्स
नई दिल्ली में सितंबर में आयोजित होगा जी20 मीटिंग का भव्य समापन समारोह
आर्टिकल 370 के हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर में पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय इवेंट
भारत में फिल्मों की शूटिंग के लिए कश्मीर सबसे ‘सबसे अच्छी जगह’
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार से अंतरराष्ट्रीय स्तर की 3 दिवसीय जी-20 पर्यटन कार्य समूह (G20 meeting) की बैठक का आयोजन किया जा रहा है. इस समूह की मेजबानी जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) कर रहा है. बैठक की शुरुआत से पहले ही पाकिस्तान ने इसको लेकर खूब फर्जी प्रोपेगेंडा फैलाया था जिसमें वो पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है.
चीन (China) और पाकिस्तान (Pakistan) के बायकॉट के बावजूद दुनिया भर के करीब 61 विदेशी प्रतिनिधि मीटिंग में शिरकत करने को श्रीनगर (Srinagar) पहुंचे. आज कश्मीर में G20 बैठक का दूसरा दिन है. सोमवार को विदेशी प्रतिनिधियों ने जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती के नजारों का भी पूरा लुत्फ उठाया और विदेशी मेहमानों ने डल झील में शिकारा की सैर का भी आनंद लिया. इस सैर के दौरान उनके चेहरे की मुस्कान देखते ही बन रही है.
ये भी पढ़ें- G20 Summit: यह स्विट्जरलैंड नहीं, बल्कि भारत का कश्मीर है… अमजद ताहा ने बताया ‘धरती पर स्वर्ग’
बताते चलें कि श्रीनगर में आयोजित जी-20 पर्यटन कार्य समूह की मीटिंग में शामिल होने के लिए 29 देशों के 61 प्रतिनिधि शामिल होने पहुंचे हैं. जी20 में शामिल होने आए मेहमानों का स्वागत भारतीय परंपरा और संस्कृति के अनुसार किया गया. भारत के कश्मीर को स्विट्जरलैंड, मालदीव या किसी अन्य विदेशी पर्यटन स्थलों से कम खूबसूरत नहीं आंका जा सकता है. इसकी खूबसूरती का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जी-20 के मेहमान डल झील (Dal Lake) में शिकारा (Shikara) की सैर कर रोमांचित हो रहे हैं.
भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने केंद्र शासित प्रदेश की प्राकृतिक परिदृश्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि फिल्मों की शूटिंग के लिए कश्मीर से बेहतर जगह नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि आप यहां बड़ी संख्या में फिल्मों की शूटिंग देखेंगे. बहुत सी भारतीय फिल्मों की शूटिंग विदेशों में हो रही है. लेकिन, मैं आपको बता दूं, दुनिया भर में यात्रा करने के बाद, फिल्म की शूटिंग और रोमांस के लिए दुनिया में कहीं भी कश्मीर से बेहतर जगह नहीं हो सकती.
बताते चलें कि शिकारा एक नाव की तरह है, जिसे बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है. इसमें लाइट्स भी लगाई गई हैं, जो रात के समय में और भी खूबसूरत नजर आती हैं. विदेशी मेहमान शिकारा से जम्मू-कश्मीर की जन्नत सी खूबसूरती को निहार रहे हैं.
फिल्म पर्यटन पर एक कार्यक्रम के दौरान ऑस्कर विजेता गीत ‘नाटु नाटु’ (Naatu Naatu) पर कोरियाई राजदूत चांग जे-बोक के साथ नृत्य करने वाले ‘आरआरआर’ स्टार राम चरण ने भी यूटी के लिए अपने प्यार का इजहार किया. राम चरण ने कहा कि भारत में फिल्मों की शूटिंग के लिए कश्मीर सबसे ‘सबसे अच्छी जगह’ है और घाटी की यात्रा करना एक अद्भुत अहसास है.
समाचार एजेंसी के अनुसार विदेशी प्रतिनिधियों के साथ पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी भी रहे थे. उन्होंने घोषणा की कि सरकार एक वैश्विक पर्यटन निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रही है और जल्द ही एक राष्ट्रीय पर्यटन नीति घोषित करेगी. मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की जबरदस्त गुंजाइश है. केंद्र सरकार पर्यटन में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति दे रही है. उन्होंने कहा कि हमारा विचार है कि निजी निवेश के बिना, हम एक वैश्विक गंतव्य नहीं बन सकते.
इस बीच देखा जाए तो श्रीनगर में जी20 मीटिंग के जरिए भारत इंटरनेशनल मीडिया को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है. वह यह बताने का प्रयास भी कर रहा है कि कश्मीर में स्थिरता को कायम करने के लिए वो किस तरह से प्रयासरत है.
निक्की एशिया रिपोर्ट के मुताबिक शेख उल आलम इंटरनेशनल एयरपोर्ट, श्रीनगर पहुंचे जी20 प्रतिनिधियों का भव्य स्वागत किया गया. तिरंगे झंडे से सराबोर कलरफुल लाइटिंग, जी20 के बिलबोर्ड्स जगमगाते नजर आए. आर्टिकल 370 के हटने के बाद से भारत पहली बार जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय इवेंट की मेजबानी कर रहा है.
ताइवान न्यूज के मुताबिक चीन और पाकिस्तान के बॉयकॉट के बावजूद जी20 की भव्य शुरुआत श्रीनगर से हुई. नई दिल्ली में सितंबर में आयोजित होने वाली जी20 मीटिंग से पहले देशभर में उसकी अध्यक्षता में भव्य मीटिंग आयोजित की जा रही हैं.
.
Tags: G20, G20 Summit, India G20 Presidency, Jammu kashmir news
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 10:35 IST









