
ललितेश कुशवाहा/भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर शहर के लोहागढ़ किला परिसर स्थित बिहारीजी परिक्रमा मार्ग में महादेव मंदिर के सामने कच्चे परकोटे पर करीब आधे घंटे तक मस्ती करते नाग-नागिन का जोड़ा लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गया है. बिहारी जी परिक्रमा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं की नजर इस जोड़े पर पडी, तो यह खबर जंगल की आग की तरह आसपास के क्षेत्र में फैल गई. नाग- नागिन के जोड़े को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. इस दौरान नाग- नागिन करीब 30 मिनट तक आपस में अठखेलियां करते रहे. जबकि मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. इसके बाद घोड़ा पछाड़ नाग नागिन का जोड़ा वहां से निकल गया.
श्रद्धालु हरिओम शर्मा ने बताया कि बिहारी जी परिक्रमा मार्ग में स्थित कच्चे परकोटे पर घोड़ा पछाड़ नाग नागिन का जोड़ा एक दूसरे से लिपटकर 30 मिनट तक अठखेलियां करता रहा. वहीं, उनको देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस बीच किसी ने वीडियो बना लिया. इस कच्चे परकोटे पर अधिकांश रूप से बिल्ली, तीतर, मोर, बंदर आदि के अलावा कोबरा, नेवला, अजगर और कई प्रजाति के सांप मौजूद हैं. यह दिन प्रतिदिन किसी न किसी व्यक्ति को जरूर दिखाई देते हैं.
यह है घोड़ा पछाड़ सांप..
जानकारी के मुताबिक, यह घोड़ा पछाड़ सांप का जोड़ा था. इस सांप में किसी भी प्रकार का जहर नहीं पाया जाता है. जबकि ये सांप दूसरे सांपों से ज्यादा बड़े होते है. इनकी लंबाई 8 से 10 फीट तक होती है. इसके साथ इनकी रफ्तार भी अधिक होती है. यह सांप बिना फन के होते हैं और इनकी पहचान करने में भी ज्यादा परेशानी नहीं होती है. जबकि इन सांपों का मुख्य भोजन चूहे हैं. इसी वजह से ये खेतों या फिर घर के आसपास दिखाई देते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 11:26 IST









