
विशाल कुमार/छपरा. बिहार में अवैध शराब निर्माण और इसकी तस्करी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने 60 लाख की लागत ड्रोन खरीदा था. इस ड्रोन की मदद से निगरानी की जानी थी. लेकिन 3 मई को पटना से उड़ान भरने के बाद सारण जिले के दियारा इलाके में यह ड्रोन लापता हो गया. इसके बाद से उत्पाद विभाग ड्रोन को तलाशने में जुटी हुई है.
इसी कड़ी में रविवार को भी सघन तालाशी अभियान चलाया गया. इस तालाशी अभियान में 200 कर्मी के साथ-साथ 3 ड्रोन और स्थानीय लोग लगे. इसके बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी. ड्रोन की खोज में छपरा के दियारा इलाके में घंटों खाक छानने के बाद भी कुछ भी अता-पता नहीं चल सका.
सात घंटे से अधिक समय तक चले सर्च ऑपरेशन
उत्पाद अधीक्षक रजनीश कुमार ने बताया कि लापता ड्रोन को ढूंढने के लिए 200 कर्मी के साथ-साथ तीन ड्रोन को भी लगाया गया. छपरा के दियारा इलाके में तलाशने के लिए अलग-अगल टीम गठित कर सर्च अभियान चलाया गया. करीब सात घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन के बाद भी ड्रोन का कोई पता नहीं चल पाया. गठित टीम के द्वारा ड्रोन के लास्ट लोकेशन वाले स्पॉट से लेकर 10 किलोमीटर के दायरे में ढूंढने का प्रयास किया गया. हालांकि ड्रोन को खोजने के लिए अभियान चलता रहेगा.
लापता ड्रोन की जानकारी देने वालों को दिया जाएगा उचित इनाम
उत्पाद अधीक्षक रजनीश कुमार ने बताया कि लापता ड्रोन की कमीत 60 लाख है. यह ड्रोन एक बार में 100 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम था. इसमें हाई क्वालिटी का कैमरा लगा हुआ है. यह ड्रोन बिल्कुल अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है. इस ड्रोन का रिसीवर और कंट्रोलर विभाग के पास है. जबकि यह ड्रोन किसी अज्ञात जगह जाकर क्रैश कर गया है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि ड्रोन की खबर देने वालों के लिए पहले ही 25 हजार इनाम की घोषणा की गई है. इस ड्रोन के माध्यम से दूर से हीं शराब भट्टी का पता लगाया जा सकता था. उसी के आधार पर कार्रवाई की जा सकती थी. हालांकि 3 मई को पटना से उड़ान भरने के बाद ड्रोन छपरा के दियारा क्षेत्र में लापता हो गया है. लापता ड्रोन का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है. इसकी जानकारी देने वालों को उचित इनाम भी दिया जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 10:25 IST








