
संजय यादव/बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) से काम करने सऊदी अरब गये युवक का शव साढ़े चार महीने के इंतजार के बाद भारत (Dead Body Brought To India) लाया गया है. अनुज की लगभग साढ़े चार महीने पहले सउदी अरब (Saudi Arab) में मौत हो गई थी. अपने रिश्तेदार के साथ सऊदी अरब में काम करने गये अनुज से जब घरवालों का संपर्क टूटा तो इसे लेकर उनकी चिंता बढ़ गई थी. इसके कुछ दिनों के बाद रिश्तेदार से पता चला कि अनुज की मौत हो चुकी है. यह सुन कर बूढ़ी मां और परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिवार अनुज के शव के लिये जगह-जगह फरियाद लगा रहे थे. जब यह मामला सांसद तक पहुंचा, तब केंद्र सरकार ने मामले में हस्तक्षेप किया. इसके बाद, सऊदी अरब सरकार ने साढ़े चार महीने के बाद अनुज के शव को भारत भिजवाया.
पूरा मामला तहसील हैदरगढ़ के ग्राम दुर्गा पुरवा मजरे बेहटा से जुड़ा है. यहां की रहने वाली राजकली ने इसी साल जनवरी में बाराबंकी के सांसद उपेन्द्र सिंह रावत से मिल कर फरियाद लगाई थी कि उनका 25 वर्षीय बेटा अनुज अपने रिश्तेदार राधेश्याम के साथ सऊदी अरब रोजगार के सिलसिले में गया था. रिश्तेदार राधेश्याम अमेठी जिले के इंहौना गांव का निवासी है. उन्होंने बताया कि सउदी अरब में राधेश्याम जहां काम करता था, वहां से अनुज के काम करने के स्थान की दूरी लगभग 600 किलोमीटर थी.
सऊदी अरब में नौकरी करने गया था अनुज
राजकली के मुताबिक अनुज सउदी अरब में डाकिल अल्जाफ नामक व्यक्ति के यहां काम करता था. डाकिल अल्जाफ के उपलब्ध कराए गए जिस मोबाइल नंबर से अनुज से परिवार की बात होती थी. उस नंबर पर बीते दिसंबर माह से अनुज से बात होनी बंद हो गई थी. वहीं, रिश्तेदार राधेश्याम से संपर्क करने पर पता चला कि अनुज की मौत हो चुकी, लेकिन उसने उसका शव नहीं देखा है. अनुज का शव डॉ. वहाब के यहां रखा हुआ था.
केंद्र सरकार ने मामले में हस्तक्षेप किया
इसको लेकर सांसद उपेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें पूरी बात बताई. इस पर विदेश मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया और सऊदी अरब सरकार से बात की. कई स्तर पर वार्ता के बाद वहां की सरकार अनुज के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे भारत भिजवाने के लिए राजी हुई. बाराबंकी के सांसद और विदेश मंत्री के प्रयास से साढ़े चार महीने के बाद आखिरकार अनुज का शव उसके घर आ सका.
परिवार ने शव का किया अंतिम संस्कार
बेटे का शव मिलने की आस लगाए बैठी उसकी मां राजकली और पिता प्यारेलाल सहित अन्य परिवारजन को अनुज का शव मिला तो उन्होंने सांसद उपेन्द्र सिंह रावत और विदेश मंत्री के प्रति आभार जताया. सांसद उपेंद्र सिंह रावत, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत और बीजेपी के नेता नवीन सिंह राठौर की मौजूदगी में सऊदी अरब से आये अनुज के शव के बक्शे को खोला गया और पूरे विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार किया गया.
.
Tags: Barabanki News, Dead body, Saudi Arab, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 09:30 IST








