
रवि पायक/भीलवाड़ा. वैसे तो आपने चाय के कई प्रकार की दुकानें देखी होंगी. दुकानों के कई तरह के नाम भी सुने होंगे. मगर भीलवाड़ा के चाय के शौकीनों को हम एक ऐसी चाय दुकान के बारे में बताने जा रहे हैं जिसका न केवल नाम यूनिक है बल्कि इसके पीछे एक कहानी भी छिपी हुई है. जी हां. हम बात कर रहे हैं भीलवाड़ा शहर के ‘बेवफा चायवाला’ दुकान की जहां प्यार में धोखा खाए युवाओं को स्पेशल ऑफर में चाय दी जाती है.
बता दें कि यह चाय दुकान भीलवाड़ा शहर के तिलक नगर रोड पर है. भीलवाड़ा जिले के पारोली के रहनेवाले महावीर शर्मा यह दुकान चलाते हैं. इस काम में उनके जीजा रूपलाल शर्मा सहयोग करते हैं. महावीर कहते हैं कि मेरी चाय दुकान के नाम के पीछे एक कहानी है. एक जमाने में मैं अपनी प्रेमिका से बहुत प्यार करता था, मगर उसने मुझे धोखा दे दिया. जिसके बाद मुझे उसकी दिन-रात याद आती रहती थी. जिसके कारण मैंने अपनी दुकान का नाम ही बेवफा चायवाला रख दिया ताकि मुझे उसकी याद आती रहे और मुझे ये महसूस होता रहे कि उसने मुझे चाय की दुकान के कारण छोड़ दिया था.
बेवफा चाय की दुकान पर आनेवाले लोगों के लिए कई तरह के ऑफर है. प्यार में धोखा खाए लोगों के लिए यहां सिर्फ 5 रुपए में चाय मिलती है. वहीं प्रेमी जोड़ों के लिए 10 में. यहां ज्यादातर लोग प्यार में धोखा खाए हुए आते हैं और गम भरे गानों के साथ चाय पीते हैं. इसके अलावा यहां पर ग्राहकों को अलग अलग फ्लेवर की भी चाय मिलती हैं, जिन्हें लोग बहुत ज्यादा पसंद करते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 09:11 IST








