
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में G-20 की एक बड़ी बैठक शुरू होते ही पाकिस्तान ने अपने प्रोपेगेंडा प्लान के तहत एक नया दांव चल दिया है. G-20 टूरिज्म वर्किंग ग्रुप (Tourism Working Group-TWG) की बैठक के विरोध में 100 से ज्यादा फर्जी हैशटैग को वायरल करने का प्लान पाकिस्तान (Pakistan) ने बनाया है. इन संदिग्ध हैशटैग की पहचान खुफिया एजेंसियों ने की है. यह पाया गया कि 100 से ज्यादा फेक प्रोफाइल बनाकर G-20 बैठक के खिलाफ प्रोपेगेंडा को ट्रेंड कराने की कोशिश की गई है. एजेंसियों ने करीब 500 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की भी पहचान की है. जिनको पाकिस्तान ने खास इसी प्रोपेगेंडा प्लान के लिए लगाया है. इनसे भारत में या तो व्हाट्सएप मैसेज या फिर लोगों के पास गुमनाम कॉल आते हैं.
श्रीनगर के डाउनटाउन इलाकों में कुछ पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें G-20 देशों से शहर में अपनी बैठक का बहिष्कार करने का आग्रह किया गया है. ये पोस्टर वारसीन-ए-शुदा सहित कश्मीर की आजादी के प्रोपेगेंडा समर्थक संगठनों ने लगाए थे. सोशल मीडिया पर विरोध प्रदर्शनों की भी जानकारी दी गई. जिनका मकसद सिर्फ भारत के हितों को नुकसान पहुंचाना और जी-20 बैठक के बारे में भ्रामक जानकारियां फैलाना है. पाकिस्तान की शह पर G-20 बैठक और भारत सरकार का विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारियों ने लोगों से डीपी ब्लैक रखने और डीपी पर कश्मीर की आजादी लिखने का आग्रह किया.
.
Tags: G20, India G20 Presidency, Srinagar News
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 09:13 IST








