
देहरादून. उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईएएस और एक पीसीएस अधिकारी का तबादला कर दिया. अपर सचिव द्वारा जारी आदेश में कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं. कई फसरों को बड़ी जिम्मेदारी भी दी गई है.
आईएएस विनय शंकर पांडे को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है. साथ ही उन्हें एमएसएमई और निवेश आयुक्त की भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा हरिद्वार, नैनीताल और अल्मोड़ा जनपदों के डीएम को बदला गया है. हरिद्वार जनपद के जिला अधिकारी धीरज सिंह गबर्याल को बनाया गया है. सुश्री वंदना को नैनीताल जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं विनीत तोमर को अल्मोड़ा का डीएम बनाया गया है.
इसके अलावा मुख्य सचिव आनंद वर्धन को वित्त और अवस्थापना विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई. प्रमुख सचिव आरके सुधांशु को हटा दिया गया है. अब उन्हें प्रमुख सचिव शहरी विकास का चार्ज दे दिया गया है. वहीं आर मीनाक्षी सुंदरम को सचिव नियोजन बाह्य सहायित्त परियोजनाओं का चार्ज दिया गया है. नीतीश कुमार झा को अब सचिव ग्राम्य में विकास की जिम्मेदारी दी गई. सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी को सचिव पेयजल बनाया गया है. सचिव सचिन कुर्वे को नागरिक उड्डयन, डॉ पंकज कुमार पांडे को सचिव लोक निर्माण अध्यक्ष ब्रिज रोपवे और टनल की जिम्मेदारी के साथ महानिदेशक खनन का दायित्व दिया गया. संदीप तिवारी को एमडी कुमाऊं मंडल विकास और पीसीएस अरविंद कुमार पांडे से हटाया गया है. अब उन्हें सचिव मानवाधिकार आयोग की जिम्मेदारी दी गई है.









