
ईशा बिरोरिया/ऋषिकेश. योग नगरी ऋषिकेश देवों की भूमि है. यहां आपको सभी देवी देवताओं के दर्शन हो जाएंगे. यहां का एक मंदिर अपनी बनावट को लेकर काफी लोकप्रिय है. इसकी बनावट पिरामिड की तरह है, यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है, इसलिए इस मंदिर को त्रियंबकेश्वर मंदिर के नाम से जाना जाता है. इस मंदिर में 13 मंजिल होने के कारण, मंदिर को 13 मंजिल मंदिर के नाम से भी जाना जाता है. गंगा के तट पर स्थित यह मंदिर भक्तों के बीच एक मुख्य आकर्षण है. कहा जाता है कि आपको इस मंदिर में सभी देवी देवताओं के दर्शन हो जाएंगे.
श्री 108 भ्रमभीम स्वामी कैलाशानंद ने करवाया मंदिर का निर्माण
त्रियंबकेश्वर मंदिर के पंडित धर्मानंद उनियाल जी बताते हैं कि श्री 108 भ्रमभीम स्वामी कैलाशानंद जी शिव जी के बहुत बड़े भक्त थे, वे शिव की आराधना किया करते थे उनके द्वारा इस मंदिर का निर्माण किया गया. उन्होंने कहा कि मंदिर में सभी देवी देवताओं की प्रतिमाएं हैं, जिनके दर्शन के लिए लोग देश को कोने- कोने से आते हैं. साथ ही इस मंदिर में सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इस मंदिर में 12 ज्योतिलिंग स्थापित हैं. मंदिर की हर मंजिल में शिवलिंग स्थापित है. यह मंदिर प्रतिदिन सुबह 7 बजे खुलता है और शाम में संध्या आरती के बाद 8 बजे इस मंदिर के द्वार बंद हो जाते हैं.
चारधाम यात्रा की शुरुआत से पहले भक्त टेकते हैं माथा
पंडित जी बताते है की लोग चार धाम की यात्रा की शुरुआत से पहले एक बार यहां माथा टेकने आते हैं. आप किसी भी साधन से यहां पहुंच सकते हैं. यह मंदिर लक्ष्मण झूले के निकट स्थित है लक्ष्मण झूले के बंद हो जाने की वजह से अब सभी को नाव का सहारा लेकर नदी पार करके जाना पड़ता है.
.
Tags: Latest hindi news, Lord Shiva, Rishikesh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 10:20 IST








