मुंबई. सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashma) पिछले कुछ दिनों से बुरी वजहों से खबरों में बना हुआ है. शो में पिछले 15 सालों से रोशन सोढ़ी का किरदार निभा रहीं एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने इस शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. इस मामले पर अब इंडस्ट्री के कई लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. सीरियल ‘दिल मिल गए’ फेम एक्टर पंकित ठक्कर ने जेनिफर की मंशाओं पर सवाल उठाया है. पंकित ने कहा है कि यौन शोषण जैसे गंभीर मामले पर वह 15 सालों बाद बोल रही हैं? इतना ही नहीं, पंकित ने इस पूरे मामले पर असित कुमार मोदी का साथ देते हुए कहा है, ‘मैं असित कुमार मोदी के साथ खड़ा हूं और हर किसी से अपील करता हूं कि वो इस मुश्किल समय में उनका सहयोग करें.’
जेनिफर इस शो में 15 सालों से नजर आ रही हैं. बीच में अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान वह तीन साल के लिए इस शो से अलग रही थीं. लेकिन अब 2 महीने पहले उन्होंने अचानक इस शो की शूटिंग बंद कर दी और उसके बाद एक इंटरव्यू में इन बातों का खुलासा किया है. इन आरोपों के बाद प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने इसे पब्लिसिटी स्टंट कहा तो वहीं एक्ट्रेस ने भी इस पूरे मामले के बाद अपना एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया. एक्ट्रेस ने इस वीडियो में कहा, ‘मेरी चुप्पी को मेरी कमजोरी मत समझना.’
‘मिसेज सोढ़ी’ का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने असित मोदी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. फाइल फोटो.
पंकित: 15 सालों से आप क्या कर रही थीं?
इस मामले पर सीनियर एक्टर पंकित ठक्कर ने अपने लिखित बयान में कहा है, ‘एक एक्टर के तौर पर मैं इस बात पर पूरा जोर देता हूं कि प्रोफेशनल वर्क एनवायरमेंट होना ही चाहिए. यौन शोषण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. हालांकि जो जेनिफर ने असित कुमार मोदी पर आरोप लगाए हैं, वो एक जहरीली संस्कृति को उजागर कर रहे हैं. ये हमारा फर्ज है कि हम यौन शोषण की ऐसी घटना पर बात करें. लेकिन इस मामले में मेरी कुछ चिंताएं हैं. मैं ये बात समझ सकता हूं कि कई बार ऐसे मामले सामने आने में देरी होती है क्योंकि एक घबराहट होती है. साथ ही ये डर भी होता है कि कहीं उनके हाथ से काम न चला जाए. लेकिन 15 साल बाद ऐसी घटना का सामने आना जबकि आप आर्थिक तौर पर सक्षम हैं, ऐसे में ये इस शिकायत की गंभीरता पर सवाल उठाता है.
आपने पति को तो बताया होगा न?
पंकित आगे इस मामले पर कहते हैं, ‘अब ये सवाल तो उठना ही चाहिए कि क्या ये शिकायत सही है या फिर ये सिर्फ ध्यान खींचने के लिए है. वो शादीशुदा हैं, उनका एक बच्चा है और मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने इन बातों का जिक्र अपने पति से जरूर किया होगा. जैसा उनका आरोप है कि उन्हें धमकाया जा रहा था, तो तब ही सम्मानजनक तरीके से उन्होंने ये शो क्यों नहीं छोड़ दिया. इतने सालों तक ऐसे माहौल में आखिर वो क्यों काम करती रहीं.’
पंकित ठक्कर ने अपने बयान में आगे कहा है, ‘देखिए जो महिलाएं यौन शोषण की असली शिकायतें लेकर आती हैं, उनपर विश्वास भी होता है और उन्हें समर्थन भी मिलता है. लेकिन हमें ऐसी घटनाओं के प्रति भी सतर्क रहना चाहिए जो सीधे तौर पर झूठी हों या सिर्फ अपने निजी फायदे के लिए की जा रही हों. यौन शोषण की ऐसी घटनाएं कई मासूमों की पूरी जिंदगी और उनकी प्रतिष्ठा बर्बाद कर देती हैं. एक एक्टर होने के नाते इस पूरे मामले में मैं असित कुमार मोदी के साथ खड़ा हूं और हर किसी से अपील करता हूं कि वो इस मुश्किल समय में उनका सहयोग करें.’
.
Tags: Tarak mehta ka ooltah chashma, Television
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 10:57 IST









