
अनिल राठी/फरीदाबाद: सरकारी टेंडर देने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह को कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. फरीदाबाद पुलिस की एसआईटी टीम ने सोमवार को गुरुग्राम से धर्मेंद्र सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार किया था.
धर्मेंद्र सिंह को मंगलवार को पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया, जहां जुडिशल मजिस्ट्रेट अनुराधा ने धर्मेंद्र सिंह को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब पुलिस आरोपी आईएएस अधिकारी से रिश्वत कांड के बारे में पूछताछ करेगी. बता दें फरीदाबाद पुलिस ने आईएएस ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह गुरुग्राम में अपने निवास स्थान पर थे.
मौजूदा समय में दिल्ली के हरियाणा भवन में आईएएस धर्मेंद्र सिंह की पोस्टिंग थी. दरअसल, दिल्ली के एक कांन्ट्रेक्टर ललित मित्तल ने फरीदाबाद थाने में आईएएस धमेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. आरोप लगाया है कि आईएएस धमेंद्र ने उनकी फर्म को सरकारी टेंडर देने की बात कही थी, लेकिन उनको टेंडर नहीं मिला. आरोप लगाया कि अधिकारी ने सरकारी टेंडर का झांसा देकर उनसे एक करोड़ 10 लाख रुपये ले लिए. काम न होने पर जब ललित ने रुपये वापस मांगे, तब अधिकारी ने रकम लौटाने से मना कर दिया.
गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद एसआईटी का गठन किया गया और हरियाणा पुलिस व एसआईटी ने मामले की जांच शुरू की. जांच के तथ्यों को जुटाने के बाद फरीदाबाद पुलिस ने आईएएस धर्मेंद्र सिंह को उनके निवास स्थान गुरुग्राम से सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. उन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने चार दिन की रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस को शक है कि इस मामले में और भी लोग इन्वॉल्व हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 01:00 IST







