
जुगल कलाल/ डूंगरपुर. शिक्षा विभाग ने बेटियों को बड़ी राहत दी है. सत्र 2022-23 की 9वीं कक्षा की 10 हजार से अधिक छात्राओं को पेंडिंग चल रही निःशुल्क साइकिलें अगस्त तक मिलने की उम्मीद है, हालांकि ये बेटियां 9वीं कक्षा पास कर अब 10वीं में आ चुकी है. पिछले पूरे सत्र इनको साइकिलों को इंतजार बना रहा. लेकिन अब शिक्षा विभाग ने साइकिल खरीदी के टेंडर कर दिए हैं.
प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री बालिका साइकिल प्रोत्साहन योजना के तहत हर साल कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल का निःशुल्क वितरण करती है. लेकिन पिछले सत्र में साइकिलों का वितरण नहीं हो सका था. इस साल विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले साइकिलों का वितरण करने की प्लानिंग है.
राज्य सरकार की तरफ से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने 1 के लिए सरकारी स्कूल की 9वीं कक्षा की बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल दी जाती है. जिले में शिक्षा सत्र 2021-22 में 13 हजार 487 साइकिल बांटी गई थी. सत्र 2022-23 में छात्राओं की संख्या 15 हजार तक आंकी गई है. छात्राओं को हर साल साइकिलें नवंबर तक बंट जाती है, लेकिन इस बार सत्र समाप्त होने के बाद भी साइकिलें नहीं मिलने से छात्राएं परेशान थे. लेकिन अब शिक्षा विभाग निदेशालय ने साइकिल खरीदी के लिए टेंडर जारी करने, अगस्त तक इनका वितरण करने की सूचना से छात्राओं को राहत मिली है.
डूंगरपुर की छात्राओं को साइकिलों की बहुत जरुरत है. क्योंकि यहां का अधिकांश इलाका पहाड़ी है तथा पहाड़ों क्षेत्रों में बसे गांवों से आवागमन के साधन कम मिलने से छात्राएं 3 से 4 किमी तक पैदल चलकर स्कूल पहुंचती है. जनजाति बाहुल्य इलाका होने से अधिकांश गरीब परिवार है. ऐसे में छात्राओं को साइकिल स्कूल पहुंचने के लिए काफी उपयोगी है.
2007-08 में योजना शुरू, 2013-14 में नकद भुगतान
सरकारी स्कूलों में बालिकाओं का नामांकन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने 2007-08 में निशुल्क साइकिल वितरण की योजना शुरू की थी. 2013-14 चुनावी वर्ष होने के कारण छात्राओं को साइकिल की जगह नकद भुगतान किया गया था लेकिन इस साल छात्राओं को ना साइकिल मिली और ना ही नकद भुगतान. विभाग की ओर से साइकिल खरीदी का टेंडर ही नहीं किया गया. इस कारण से शिक्षा सत्र समाप्त होने के बाद भी साइकिलों की खरीदी नहीं हो सकी है. योजना की पात्र छात्राएं साइकिलों का इंतजार कर रही है.








