
शक्ति सिंह/कोटा. कोटा में जैसे-जैसे गर्मी के तेवर तीखे हो रहे हैं, वैसे ही सांप भी बिलों से बाहर निकल रहे हैं. पिछले एक महीने से ही रोजाना घरों, दफ्तरों व कोचिंग संस्थानों में सांपों के घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं. हाल ही में रविवार को कोटा जिला कलेक्टर के बंगले पर भी 3 से 4 फीट लंबा धामिन प्रजाति का सांप निकला.
बताया गया कि सुबह-सुबह कलेक्टर जब अपने बंगले के परिसर में वॉक कर रहे थे, उसी दौरान धामिन प्रजाति का एक सांप उनके पैरों के बीच आ गया. इसके बाद कलेक्टर के बंगले पर मौजूद स्टाफ ने सांप निकलने की जानकारी स्नैक कैचर को दी, जिसके बाद यह सांप पकड़ में आ सका. इसी तरह दुर्गा बस्ती स्थित सरकारी स्कूल में भी करीब तीन फीट लंबा एक सांप निकला, जिसे देखकर स्टाफ घबरा गया.
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर के बंगले पर जब कलेक्टर ओपी बुनकर सुबह-सुबह वॉक कर रहे थे. तभी उनके पैरों के पास धामिन प्रजाति का सांप आ गया. सूचना देकर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को बुलाया गया. जिन्होंने धामिन सांप को जिला कलेक्टर के बंगले से पकड़ा और उसे सुरक्षित जंगलों में छोड़ा. बता दें कि इससे पहले पहले भी जिला कलेक्टर के बंगले पर कोबरा जैसे खतरनाक सांप निकल चुके हैं.
गोविंद शर्मा ने बताया कि इसी तरह दुर्गा बस्ती के सरकारी स्कूल के अंदर भी सेंड बोआ प्रजाति का सांप निकल आया. वहां मौजूद सभी टीचर सांप को देखकर घबरा गए. सूचना पर गोविंद शर्मा स्कूल पहुंचे और सावधानीपूर्वक सेंड बोआ सांप को पकड़ा. उन्होंने बताया कि यह सांप जहरीला नहीं होता. लेकिन अगर किसी को काट ले तो उसे संक्रमण हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 08:03 IST









