
बेंगलुरु/नई दिल्ली. कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 224 सदस्यीय सदन में 135 सीटों के साथ भारी जीत के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार – जोकि मुख्यमंत्री पद के दो प्रमुख दावेदार हैं, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष एम मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने के लिए सोमवार को दिल्ली आने की उम्मीद है. ताजा जानकारी के अनुसार, सिद्धारमैया आज दिल्ली आएंगे और खड़गे सीएम चेहरा तय करेंगे.
कर्नाटक के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने रविवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया. कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की रविवार शाम को बेंगलुरु के एक निजी होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया, जो कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनेगा. सीएलपी की बैठक में कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों (वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया) ने भी हिस्सा लिया.
राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीट जीतीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं.









