
शाश्वत सिंह/झांसी. झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से बंद पड़ी सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा एक बार फिर शुरू होने जा रही है. पिछले कई महीने से सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधाएं मेडिकल कॉलेज में बंद हैं. न्यूज 18 लोकल ने भी कई बार यह खबर दिखाई है कि सुविधाएं न होने की वजह से मरीजों को कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. मजबूरी में मरीजों को प्राइवेट सेंटर्स पर सीटी स्कैन और एमआरआई के लिए जाना पड़ता था.
लेकिन, अब न्यूज 18 की खबर का असर हुआ है. झांसी के मेडिकल कॉलेज में अगले सप्ताह सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा शुरू हो जाएगी. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ एनएस सेंगर ने बताया कि पिछले 2 साल से पैसे न आने की वजह से सीटी स्कैन और एमआरआई की मशीन का रखरखाव नहीं हो पा रहा था. इस वजह से मशीन के कुछ पार्ट्स खराब हो गए थे. अब जाकर 73 लाख रुपए की धनराशि मेडिकल कॉलेज को मिल गई है. इस धनराशि से दोनों मशीनें ठीक करवाई जा रही हैं और अगले सप्ताह तक ये दोनों मशीनें शुरू हो जाएंगी.
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ एनएस सेंगर ने यह भी बताया कि लंबे समय से 500 बेड के अस्पताल का काम भी रुका हुआ है. 500 बेड के अस्पताल के लिए भी शासन से 12 करोड़ रुपए की धनराशि जारी हो गई है. इसकी मदद से अस्पताल के एक हिस्से को तैयार करके अगले 3 महीनों में शुरू करने की योजना है. यह भी टारगेट रखा गया है कि इस साल के अंत तक 500 बेड के अस्पताल को पूरी तरह शुरू करवा दिया जाए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 12:02 IST









