
नई दिल्ली. पाकिस्तान में एशिया कप 2023 का आयोजन कराने पर बुरी तरह से अड़ा पीसीबी एक बार फिर नए प्रस्ताव के साथ सामने आया है. भारत के बाद बांग्लादेश और श्रीलंका भी पाकिस्तान में एशिया कप कराने के विरोध में आ गए हैं. वहीं, पीसीबी की तरफ से भी यह संकेत दिए जा रहे हैं कि अगर पाकिस्तान में आयोजन नहीं हुआ तो वो इस टूर्नामेंट से ही बाहर हो जाएगा.
रिपोर्ट की मानें तो पीसबी और एशियन क्रिकेट काउंसिल की बुधवार को मीटिंग हुई है. इस मीटिंग में पीसीबी की तरफ से दो भागों में एशिया कप का आयोजन कराने की मांग की गई. पहले चरण के दौरान भारत को छोड़कर अन्य सभी टीमें पाकिस्तान में जाकर मैच खेलेंगी. दूसरे चरण के दौरान भारत सहित अन्य सभी टीमें यूएई में एशिया कप के मैच खेलेंगी. साथ ही कहा गया कि अगर यह प्रस्ताव ठुकराया गया तो पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनेगा.
पाकिस्तान के पास इस बार एशिया कप 2023 के आयोजन का हक है. भारत पहले ही यह साफ कर चुका है कि टीम इंडिया पाकिस्तान में खेलने के लिए नहीं जाएगी. ऐसे में पाकिस्तान को अन्य बोर्ड का सहारा था. अब श्रीलंका और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की तरफ से भी एशिया कप पाकिस्तान में कराने को लेकर आपत्ति जताई गई है. यह दोनों बोर्ड सितंबर की गर्मी में यूएई में क्रिकेट खेलने के लिए भी तैयार नहीं हैं.
इस वक्त श्रीलंका को एशिया कप 2023 के आयोजन के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना जा रहा है. हालांकि बताया जा रहा है कि पाकिस्तान इसके लिए तैयार नहीं है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Asia cup, BCCI, Pakistan Cricket Board, Pcb
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 16:25 IST








