कौशांबी
चरवा नगर पंचायत के निर्दलीय प्रत्याशी ने बूथ संख्या 23 में फर्जी मतदान होने का आरोप लगाकर पुन: मतदान कराने की मांग की है। प्रत्याशी ने डीएम से शिकायत करते हुए सीबीआई जांच कराने की भी मांग की है।
चरवा के धमसेढ़ा गांव निवासी यदुनंदन सिंह यदुवंशी नगर पंचायत से निर्दलीय प्रत्याशी हैं। यदुनंदन का आरोप है कि बूथ संख्या 23 उन्होंने गजराज को बतौर एजेंट नियुक्त किया था। मतदान के दौरान एक प्रत्याशी का रिश्तेदार फर्जी मतदान करा रहा था। एजेंट गजराज के विरोध करने पर चौथी बार मतदान करने पहुंचे एक व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रत्याशी का आरोप है कि शाम को पुलिस ने कार्रवाई किए बगैर उसे छोड़ दिया। प्रत्याशी ने बताया कि करीब 150 वोट मृतकों का नाबालिगों और प्रवासी मजदूरों से डलवाया गया है। शुक्रवार को यदुनंदन ने मामले की शिकायत डीएम से करते हुए बूथ संख्या 23 पर पुन: मतदान और सीबीआई जांच कराने की मांग की है।








