कौशाम्बी–
कौशाम्बी। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन भेजकर कई मांगें उठाई हैं। 16 अक्टूबर 2026 को जारी ज्ञापन में संगठन ने गन्ने का मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की है।
यूनियन का कहना है कि डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य बढ़ाने और किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा, असमय बारिश और तेज हवाओं से धान, उड़द, मूंग समेत अन्य फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा और फसल बीमा का भुगतान दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन में आलू किसानों को सस्ता बीज उपलब्ध कराने तथा कोल्ड स्टोर में भंडारण की सुविधा देने की भी मांग उठाई गई। संगठन ने सरकार से किसानों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।








