*कौशांबी न्यूज
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव के पास राम वन गमन पथ पर स्थित ओवरब्रिज के समीप बुधवार सुबह एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। इसके पहले वह फेसबुक पर लाइव आया और दो पेज का सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें पत्नी व ससुरालियों से परेशान होकर खुदकुशी की बात लिखी। गनीमत यह रही कि मौके पर रहे मछुआरों ने समय रहते उसे पानी से बाहर निकाल लिया। अब इलाज के बाद स्थित ठीक बताई जा रही है।
कोखराज थाना क्षेत्र के रोही गांव निवासी राम बहादुर का 26 वर्षीय बेटा अंकित कुमार कुशवाहा भरवारी नगर पालिका कार्यालय में संविदा कर्मचारी है। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र की प्रिया से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद प्रिया बच्चे को लेकर अपने मायके चली गई। आरोप है कि उसके पिता व भाई ने पीड़ित अंकित की पिटाई भी की थी। बुधवार सुबह अंकित काफी परेशान था और रो रहा था। पिता के पूछने पर उसने पत्नी व बच्चे की याद आने की बात कही। इसके बाद उसने फेसबुक पर लाइव आकर करीब चार मिनट तक अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में बताया। लाइव के दौरान उसने हाथों में दो पेज का सुसाइड नोट भी दिखाया। करीब 11 बजे उसने गंगा में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद मछुआरों ने उसे पानी से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। पीड़ित अंकित का मूरतगंज पीएचसी में इलाज चल रहा है। डीएसपी चायल शिवांक सिंह ने तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई कराने की बात कही है।







