कौशाम्बी–कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के सौराई बुजुर्ग गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय किशोर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक किशोर की पहचान दीपू पटेल (17) पुत्र मोहन पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, किशोर के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में करीब छह माह पहले मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। करीब एक माह पहले ही वह जेल से बाहर आया था।
मंगलवार को किशोर कोर्ट में चल रहे मामले की तारीख पर गया था। तारीख के बाद वह वापस अपने गांव सौराई बुजुर्ग स्थित घर पहुंचा। इसी दौरान उसकी मां कमरे में ताला लगाकर किसी काम से बाहर चली गई थी।
बताया जा रहा है कि मां के बाहर जाने के बाद किशोर ने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर चला गया। कुछ समय बाद उसने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना कड़ा धाम पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।









