प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय से कराए जाने को लेकर दाखिल याचिकाओं पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 7 अक्टूबर की तारीख तय की है।
याचिकाकर्ता इम्तियाज हुसैन, दशरथ यादव और अन्य की ओर से दाखिल अलग-अलग याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई चल रही है। इस मामले में कुल 11 याचिकाएं शामिल हैं, जिनमें छह जनहित याचिकाएं (PIL) भी हैं।
याचिकाओं में उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय से नहीं कराए जाने को चुनौती दी गई है। इसके अलावा पंचायतों में मौजूदा प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने के आदेश को भी चुनौती दी गई है।
मामले की सुनवाई जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस गरिमा प्रसाद की डिविजन बेंच कर रही है। हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होगी, जिसमें पंचायत चुनाव और प्रशासकों की नियुक्ति से जुड़े मुद्दों पर आगे सुनवाई की जाएगी।









