कौशाम्बी। कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के अलीपुरजीता गांव के ग्राम प्रधान ने ग्रामसभा की जमीन पर कब्जे के आरोप और सोशल मीडिया पर बदनाम किए जाने को लेकर पुलिस से शिकायत की है। ग्राम प्रधान ने कड़ा धाम कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में ग्राम प्रधान रहबर खाँ ने बताया कि ग्रामसभा अलीपुरजीता की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक बातें प्रचारित की जा रही हैं। उनका कहना है कि जिस जमीन को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह जमीन ग्रामसभा अलीपुरजीता में आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने के लिए प्रस्तावित है।


प्रधान का आरोप है कि दीपक पाल पुत्र नरेश पाल निवासी अलीपुरजीता उक्त जमीन पर स्वयं कब्जा करना चाहते हैं और इसी को लेकर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत जानकारी प्रसारित कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट किए जाने की बात भी कही गई है।

ग्राम प्रधान रहबर खा ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और अकाउंट की जांच कराने, ग्रामसभा की जमीन की वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने ग्रामसभा के प्रस्ताव का भी हवाला देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।









