कौशाम्बी– लगातार हो रही बारिश के चलते सिराथू तहसील क्षेत्र के शहजादपुर में महान क्रांतिकारी दुर्गा भाभी की जन्मस्थली का पुराना मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान लंबे समय से बारिश के चलते जर्जर और कमजोर हो चुका था। अचानक मकान गिरने से ग्रामीणों में मायूसी छा गई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थान पर दुर्गा भाभी का जन्म हुआ था और उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

ऐसी ऐतिहासिक धरोहर के इस तरह उपेक्षित होकर ढह जाने से ग्रामीणों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि दुर्गा भाभी की जन्मस्थली को संरक्षित करने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाए जाने चाहिए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जन्मस्थली का तत्काल निरीक्षण कराने के साथ ही यहां भव्य स्मारक बनाने और ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्मारक बनने से नई पीढ़ी को दुर्गा भाभी के संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की जानकारी मिलेगी और कौशाम्बी की ऐतिहासिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।









