चित्रकूट,
धर्मनगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बाढ़ ने चित्रकूट के विभिन्न इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया। घरों, दुकानों एवं मठ मंदिरों में पानी भर जाने से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों के सामने भोजन, कपड़ा,पेयजल, दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं का संकट बना हुआ है। ऐसी आपदा की घड़ी में संत श्री रणछोड़दास जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा बाढ़ से पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए व्यापक राहत एवं सेवा अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। लगातार सद्गुरु परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा चित्रकूट क्षेत्र में बाढ़ग्रस्त एवं प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सात्विक भोजन, शुद्ध पेयजल एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन एवं शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा जैन ने अपने सदगुरु परिवार के सदस्यों के साथ बाढ़ आपदा पर बैठक कर कहा कि हम सबको निःस्वार्थ भाव से इस आपदा की घड़ी में पीड़ितों की मदद करनी है हर पीड़ित परिवार तक पहुंचना है उन्होंने यहां तक कहा कि अगर हमको बाढ़ से पीड़ित लोगों के बारे कहीं से किसी के द्वारा भी जानकारी मिलती है तो हमें उनके पास पहुंचकर उनकी सहायता करनी है उन्हें किस चीज की जरूरत है ये भी जानना है और उन तक यथा संभव मदद पहुंचना है। उन्होंने कहा कि सद्गुरु परिवार की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लगातार राहत सामग्री का वितरण कर रही हैं। इसके बावजूद यदि किसी जरूरतमंद को भोजन, दवाई, चिकित्सा, वस्त्र, राशन, शुद्ध पेयजल अथवा अन्य किसी आवश्यक सामग्री की आवश्यकता है, तो इसकी सूचना तत्काल ट्रस्ट को दी जाए, ताकि यथासंभव शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि हम मानव है और मानव सेवा हमारा धर्म भी है और कर्तव्य भी, इसलिए इस मुसीबत की घड़ी में हम सभी और हमारा ट्रस्ट बाढ़ पीड़ितों की सेवा के लिए जिला प्रशासन के साथ 24 घंटे साथ खड़ा है।






