कौशाम्बी: थाना मंझनपुर अंतर्गत समदा गांव में हुई शकील हसन उर्फ राशिद की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पैसों के लेन-देन के विवाद में इस वारदात को अंजाम देना कबूला है।
दिनांक 25 अगस्त 2026 की सुबह थाना मंझनपुर को सूचना मिली थी कि समदा के पास राम वनगमन मार्ग के किनारे एक निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर एक व्यक्ति (शकील हसन) का शव पड़ा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, शकील 24 अगस्त की रात करीब 9:00 बजे भाई की दवा लेने मंझनपुर गया था, जिसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ आ गया और वह वापस नहीं लौटा। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया था। परिजनों की तहरीर पर थाना मंझनपुर में मु.अ.सं. 362/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के खुलासे के लिए 3 टीमों का गठन किया गया था।
गठित टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर आज (28 अगस्त 2026) आरोपी मोहम्मद कदीम पुत्र मोहम्मद यासीन (निवासी- ग्राम समदा, थाना मंझनपुर) को भडेसर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का चाकू, सिर पर प्रहार में प्रयुक्त ईंट, मृतक का टूटा हुआ मोबाइल पार्ट, पर्स और दस्तावेज बरामद किए हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहम्मद कदीम ने बताया कि उसने शकील अहमद उर्फ राशिद से ब्याज पर करीब 1,10,000/- रुपये उधार लिए थे, जिसके बदले में शकील ब्याज सहित 2,75,000/- रुपये की मांग कर रहा था। पैसे न होने के कारण वह लगातार समय मांग रहा था, लेकिन शकील पैसे नहीं छोड़ रहा था। इसी बात से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
24 अगस्त की रात करीब 10:00 बजे आरोपी ने शकील को पैसे देने के बहाने बधवा राजभर जाने वाले घनश्यामपुर चौराहा, रामपथ गमन मार्ग हाईवे के पास बुलाया। इसके बाद दोनों राम वनगमन मार्ग के पास निर्माणाधीन मकान में पहुंचे और चारपाई पर बैठकर बातचीत करने लगे, जहां मौका पाकर कदीम ने शकील की हत्या कर दी।
गुमराह करने की रची थी साजिश
हत्या को दूसरी शक्ल देने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी ने घटनास्थल पर कई साक्ष्य गढ़े—उसने चूड़ियां तोड़कर चारपाई पर डाल दीं, शकील की जेब में कंडोम और वियाग्रा की गोलियां रख दीं तथा लेडीज कपड़ा और चप्पल चारपाई के नीचे छिपा दिए।
पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।






