कौशाम्बी–
अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में खेत बचाओ अभियान “समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम ” के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, मंझनपुर सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की उत्पादन लागत को कम करने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह भूमि की उर्वरता, पर्यावरण संरक्षण तथा मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कृषकों से रसायन मुक्त एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को प्रतिवर्ष 06 हजार रुपए उनके खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। किसान ऋण माफी योजना के अंतर्गत किसानों के ऋण माफ किए गए। किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र एवं नि:शुल्क बीज किट उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिक डॉ अजय कुमार ने प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसके वैज्ञानिक आधार एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गो आधारित जैविक संसाधनों, जीवामृत, बीजामृत, घन जीवामृत तथा प्राकृतिक पोषक तत्वों के उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है और खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आती है। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कृषकों ने प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका समाधान किया गया। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के व्यावहारिक उपायों, फसल प्रबंधन, जल संरक्षण तथा दीर्घकालिक लाभों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाकर समृद्ध एवं सतत कृषि व्यवस्था के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में चायल विधान सभा के निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता ने प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि यह खेती वर्त्तमान के साथ भविष्य की भी आवश्यकता है। कार्यक्रम में निवर्तमान विधायक लाल बहादुर ने कृषको को अपनी रासायनिक खेती को बदलने का आवाहन करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी व भरवारी कविता पासी ने भी अपने अनुभव साझा किये। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष योगन्द्र सिंह ने गौशालाओ से समन्वय बनाते हुए अधिक से अधिक गोबर की खाद प्रयोग करने की सलाह कृषको को दी। उपाध्यक्ष शीलू पाण्डेय ने भी इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए कृषको का आवाहन किया।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने आये हुए अतिथियों एवं कृषको का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किये। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता उप कृषि निदेशक सतेन्द्र कुमार तिवारी ने कार्यक्रम में कृषकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी एवं चयनित कृषको को निःशुल्क बीज मिनी किट का भी वितरण कराया।








