कौशाम्बी। पुलिस लाइन में शनिवार को उस समय गर्व का माहौल बन गया, जब सम्मान गार्द की सलामी के दौरान प्रदर्शित अनुशासन, सटीक ड्रिल और शानदार टर्नआउट ने पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। परेड की एक-एक गतिविधि से प्रभावित वरिष्ठ अधिकारी ने गार्द कमांडर की खुले मंच से प्रशंसा करते हुए तत्काल नकद पुरस्कार देने की घोषणा कर दी।
पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्र के कौशाम्बी आगमन पर पुलिस कार्यालय परिसर में सम्मान गार्द द्वारा सलामी दी गई। परेड का नेतृत्व कर रहे उपनिरीक्षक कालिका प्रसाद ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ गार्द का संचालन किया, उसने उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को भी प्रभावित किया।
सलामी के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की पहचान केवल अपराध नियंत्रण से नहीं, बल्कि उसके अनुशासन, प्रस्तुतीकरण और कर्तव्यनिष्ठा से भी होती है। उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने गार्द कमांडर को ₹2000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने तत्काल पुरस्कार राशि प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
यह सम्मान केवल एक पुलिसकर्मी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा का संदेश माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि जब कर्तव्य के प्रति समर्पण और अनुशासन को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलता है, तो पूरी फोर्स में उत्कृष्टता की नई ऊर्जा का संचार होता है।
कौशाम्बी पुलिस लाइन में मिला यह सम्मान इस बात का प्रमाण बना कि मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन कभी अनदेखा नहीं जाता; सही मंच पर उसकी पहचान भी होती है और सम्मान भी।








