कौशाम्बी-
द्वाबा की कानून-व्यवस्था को नई धार देने और पुलिसिंग को पूरी तरह जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने गुरुवार को थाना करारी का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण ने न सिर्फ थाने की कार्यप्रणाली की हकीकत उजागर की, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब पुलिस महकमे में ढिलाई और लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं बची है।
औचक निरीक्षण के दौरान एसपी के अचानक पहुंचते ही पूरे थाना परिसर में हलचल मच गई। पुलिसकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को दुरुस्त करने में जुट गए। एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का गहन निरीक्षण किया। यहां महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े अभिलेखों, विशेषकर फीडबैक रजिस्टर का बारीकी से परीक्षण किया गया।
एसपी प्रजापत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला सुरक्षा सरकार और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हर पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और उसे न्याय दिलाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।
निरीक्षण के अगले चरण में एसपी ने थाने के सीसीटीएनएस कक्ष और साइबर हेल्पडेस्क का जायजा लिया। उन्होंने डिजिटल रिकॉर्ड्स, केस एंट्री सिस्टम और तकनीकी संसाधनों के उपयोग की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पाया कि कुछ जगहों पर सुधार की आवश्यकता है, जिस पर तत्काल दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
थाना कार्यालय में रखे गए विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का भी एसपी ने बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड पूरी पारदर्शिता और नियमितता के साथ अपडेट किए जाएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके साथ ही एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव और समग्र व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि थाना सिर्फ कानून-व्यवस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास का प्रतीक होता है। इसलिए यहां का वातावरण साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आमजन के अनुकूल होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी प्रजापत ने मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ संवाद भी किया और उन्हें अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तत्परता लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के व्यवहार से बनती है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को अपने आचरण में सुधार लाना होगा।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत के इस सख्त और सक्रिय रुख से यह संकेत मिल रहा है कि कौशाम्बी पुलिस अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में है। आने वाले दिनों में जनपद के अन्य थानों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण किए जाएंगे, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाया जा सके।








