*कौशांबी —
वैष्णो किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर मुस्कान मां (किन्नर जन कल्याण ट्रस्ट) की मुखिया ने चायल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जनपदवासियों को जागरूक करते हुए कुछ किन्नरों पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज क्षेत्र से जुड़े महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी सदियापुर के कुछ शिष्य कौशाम्बी जनपद में आकर लोगों से जबरन नेग वसूली कर रहे हैं। मुस्कान मां के अनुसार, जब लोग नेग देने से इनकार करते हैं तो ये लोग अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करते हैं और कई बार मारपीट तक पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने इसे समाज के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे किन्नर समाज की छवि भी धूमिल हो रही है, जबकि असली किन्नर समाज हमेशा मर्यादा और परंपराओं का पालन करता है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि संदिग्ध किन्नरों के आधार कार्ड और पहचान पत्रों की जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे वास्तव में किन्नर समाज से जुड़े हैं या नहीं। मुस्कान मां ने आम जनता से भी अपील की कि वे ऐसे मामलों में जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की जबरन वसूली या अभद्रता की शिकायत तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि समाज और प्रशासन के सहयोग से ही इस तरह की अव्यवस्थाओं पर रोक लगाई जा सकती है।








