कौशांबी–बहुजन समाज के महानायक एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मंझनपुर से विधायक इंद्रजीत सरोज तथा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कांशीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। नेताओं ने कहा कि कांशीराम साहब ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनका योगदान भारतीय राजनीति और सामाजिक परिवर्तन के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
विधायक इंद्रजीत सरोज ने कहा कि कांशीराम साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सामाजिक समानता, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को नई दिशा दी। वहीं सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में बराबरी और न्याय की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम साहब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे तथा सभी ने उनके विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही।








