डिप्टी सीएम ने श्रमिकों के भुगतान और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कौशाम्बी– उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सिराथू क्षेत्र के सायरा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित सरस मेले के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में साइकिल पंचर हो चुकी है और समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सन 2047 तक सपा और कांग्रेस सत्ता में नहीं आने वाली हैं।डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार गरीबों किसानों और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। मनरेगा श्रमिकों के भुगतान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मनरेगा में फैले भ्रष्टाचार के दानव को समाप्त कर चुकी है । उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार गांव गरीब और किसानों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। सरस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिसे भी कोई सामान खरीदना हो, वह समूह की दीदियों से ही सामान खरीदें, जिससे उनकी आय बढ़े और वे आत्मनिर्भर बन सकें।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा कई प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इन स्टॉलों में विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित कई योजनाओं से संबंधित जानकारी और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिन लोगों का अभी तक इन योजनाओं में नाम दर्ज नहीं हो पाया है, वे मेले में पहुंचकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय सरस मेला है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने लोगों से मेले में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और लाभ उठाने की अपील की।








