कौशाम्बी—
सुबह की हल्की धूप और मैदान में गूंजती कदमताल की आवाज शुक्रवार को पुलिस लाइन का नजारा कुछ अलग ही था। परेड ग्राउंड पर सजे दुरुस्त दस्ते के सामने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सलामी ली तो जवानों के चेहरे पर आत्मविश्वास साफ झलक उठा।
एसपी ने टोलीवार परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षु आरक्षियों के टर्नआउट को परखा। वर्दी की साज-सज्जा, अनुशासन और कदमताल की सटीकता पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके बाद मैदान में दौड़, पीटी अभ्यास और ड्रिल कराई गई। पसीने से तर-बतर जवानों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि शारीरिक दक्षता और अनुशासन ही पुलिस बल की असली पहचान है।

परेड के उपरांत क्वार्टर गार्ड पर गार्ड की सलामी ली गई। गार्ड रूम का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का व्यापक भ्रमण किया। मेस में भोजन की गुणवत्ता जांची, आरटीसी बैरक, प्रशिक्षण कक्ष, विभिन्न शाखाओं, डीसीआर, शस्त्रागार, डायल-112 कार्यालय, परिवहन शाखा, प्रतिसार निरीक्षक कार्यालय और बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी के इस निरीक्षण से पुलिस लाइन में दिनभर सजगता और सक्रियता बनी रही। जवानों के लिए यह परेड केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अनुशासन, तत्परता और सेवा भावना की नई ऊर्जा भरने का अवसर बन गई।








