कौशाम्बी—
थाना सराय अकिल क्षेत्र के बहूगरी गांव में बुधवार की रात पति-पत्नी के विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला को बचाने पहुंचे उसके भतीजे के साथ भी परिवार के लोगों ने मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
बहूगरी गांव निवासी फूलकली पत्नी राजू ने बताया कि बुधवार की रात उसका पति नशे की हालत में घर पहुंचा और आपसी विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इसी दौरान फूलकली का भतीजा गोविंद अपनी बुआ को लेने घर पहुंचा था।

गोविंद ने जब बीच-बचाव कर अपनी बुआ को बचाने का प्रयास किया तो परिवार के करीब दस लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान गोविंद के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित महिला और उसका भतीजा सराय अकिल थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








