दिल्ली
राष्ट्रीय हैंडबॉल में कांस्य पदक विजेता अंजलि कुमारी को समाजवादी पार्टी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने संसद भवन ले जाकर किया सम्मानित

कौशाम्बी जिले के सिराथू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बसोहनी की होनहार बेटी अंजलि कुमारी, छात्रा कक्षा 10, करारी इंटर कॉलेज, ने राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने अंजलि कुमारी और उनके परिवार को संसद भवन ले जाकर सम्मानित किया। सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बेटियों को सही अवसर और समर्थन मिले, तो वे हर क्षेत्र में देश का परचम लहरा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि अंजलि कुमारी जैसी बेटियाँ समाज की असली ताकत हैं और इन्हें शिक्षा व खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाना चाहिए। सांसद ने अंजलि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर अंजलि कुमारी के परिजनों ने सांसद पुष्पेंद्र सरोज का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उनकी बेटी को आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देगा।








