कौशाम्बी। आज कौशाम्बी के सांसद ने रेल मंत्री को तीन महत्वपूर्ण पत्र सौंपे, जिनमें क्षेत्र की जनता से जुड़े अहम समस्याओं और मांगों को उठाया गया है। सांसद ने कहा कि वे लगातार प्रयासरत हैं कि क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों और युवाओं की आवाज संसद और सरकार तक पहुंचे, जिससे जनहित के कार्य शीघ्र पूरे हो सकें।
पहले पत्र में सांसद ने प्रतापगढ़ जनपद की कुंडा–बाबुगंज एवं कुंडा–गोतनी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग स्थल पर लगातार होने वाली जाम की समस्या का उल्लेख किया। उन्होंने इस समस्या के समाधान हेतु ओवर ब्रिज निर्माण की मांग की है, जिससे क्षेत्रवासियों को यातायात में सुविधा मिलेगी और जाम से छुटकारा मिलेगा।

दूसरे पत्र में कौशांबी जनपद के भरवारी स्टेशन और सिराथू क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अंडरपास और शेड निर्माण की मांग की गई है। सांसद ने कहा कि इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और रेलवे सेवाओं का स्तर बेहतर होगा।

तीसरे पत्र में रेलवे भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं और बार-बार परीक्षाओं के रद्द होने की समस्या पर चिंता जताई गई है। सांसद ने समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित न हो।
सांसद ने कहा, “मैं पूरी जिम्मेदारी से क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रहा हूँ और उम्मीद करता हूँ कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।”
इस तरह के प्रयासों से कौशांबी क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी एवं जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी





