मिठाई खरीद रही महिला से सोने की लॉकेट छीना, जांच में जुटी पुलिस

यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी कस्बे में रक्षाबंधन के दिन उस समय हड़कंप मच गया, जब मिठाई खरीद रही एक महिला से करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की चैन छीन ली गई। हालांकि, पीड़ित महिला ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक आरोपी महिला को मौके पर पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी महिला को पुलिस के हवाले कर दिया।
करारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी कमलेशिया पत्नी कमलेश, रक्षाबंधन के दिन करारी कस्बे में मिठाई खरीद रही थीं। इसी दौरान एक महिला ने उनकी सोने की चैन झपट ली। चैन की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने तुरंत हिम्मत दिखाई और चैन छीनने वाली महिला को पकड़ लिया। लेकिन आरोपी ने चैन अपने गिरोह के एक सदस्य को दे दी, जो सोने का लॉकेट लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़ी गई महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर करारी शियाकांत चौरसिया का कहना है कि गिरोह की अन्य महिला और पुरुष सदस्यों की तलाश की जा रही है। जल्द ही माल बरामद कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है।






