_कौशाम्बी–_
_*मुहर्रम पर खुफिया निगरानी से लेकर भीड़ नियंत्रण तक का प्लान तैयार, कौशाम्बी पुलिस अलर्ट मोड में*_
_*रिपोर्ट–मोहम्मद फैज…*_
_कौशाम्बी जनपद में नौवीं और दसवीं मुहर्रम के मौके पर कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को कौशाम्बी पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंझनपुर पुलिस कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों की विशेष बैठक हुई, जिसमें मोहर्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।_

_एसपी राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील व अति संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और हर गतिविधि पर खुफिया निगरानी रखी जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।_
_*भीड़ नियंत्रण से लेकर अफवाहों के खंडन तक—हर मोर्चे पर तैयारी*_
_बैठक में निर्णय लिया गया कि जुलूस मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ड्रोन से नजर, और क्यूआरटी टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। अफवाहों पर तत्काल अंकुश लगाने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया गया है।_
_एसपी ने कहा कि, धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं व गणमान्य व्यक्तियों से समन्वय बनाकर काम करें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते टाला जा सके।_
_*पुलिस अधिकारियों ने दिखाई जिम्मेदारी*_
_बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी पूरी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल और संसाधनों की मांग भी रखी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।_
_*प्रशासन मुस्तैद, जनता बेफिक्र रहे*_
_कौशाम्बी पुलिस की इस मुहिम का मकसद है कि मुहर्रम के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सुरक्षित ढंग से संपन्न हों। पुलिस विभाग की तैयारियों से स्पष्ट है कि प्रशासन मुस्तैद है और किसी भी असामाजिक तत्व को सिर उठाने का मौका नहीं दिया जाएगा।_






