गोशाले में एक ही फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल के शव

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें।

SHABBAR ALI/7007720588

पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चरवा थाने के चौराडीह गांव में शुक्रवार सुबह गोशाले में मिला प्रेमी युगल का शव

चरवा थाने के चौराडीह गांव स्थित गोशाले में शुक्रवार सुबह प्रेमी युगल का एक ही फंदे से शव लटका मिला। दोनों गुरुवार देर रात घर से लापता हुए थे। सुबह मवेशियों का चारा लेने पहुंचे गोशाले मालिक ने शव फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद सीओ चरवा पुलिस और फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतार कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चौराडीह गांव निवासी कंधई लाल केशरवानी पशु पालन करते हैं। घर के पास ही उन्होंने गोशाला बना रखा है। गुरुवार शाम रोज की तरह वह अपने मवेशियों को चारा देने के बाद गोशाले के गेट में ताला बंदकर घर चले गए। शुक्रवार सुबह गेट खोलकर भूसा निकालने पहुंचे तो कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे की छत में लगे चुल्ले से दुपट्टे के सहारे प्रेमी युगल का शव लटक रहा था। नीचे भूसे की झाल पड़ी थी। कंधई लाल ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवती के शव की पहचान गांव की 18 वर्षीय सरिता सरोज पुत्री नंदलाल व युवक की शिनाख्त 19 वर्षीय रंजीत रैदास पुत्र बिहारी लाल के रूप में हुई। घटना की जानकारी होने पर दोनों के परिजन भी रोते-बिलखते बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी, चरवा इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार राम, फील्ड यूनिट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

—————————-

प्रेमिका की शादी की खबर सुनकर राजस्थान से आया था युवक

चौराड़ी गांव निवासी मृतक रंजीत रैदास राजस्थान में रहकर स्टील फैक्ट्री में काम करता था। गांव की ही सरिता सरोज के साथ उसका प्रेम प्रपंच चल रहा था। मामले की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने सख्ती करनी शुरु कर दी। एक साल पहले युवती के भाई ने बहन की पिटाई की थी। इसी सख्ती के कारण रंजीत गांव छोड़कर राजस्थान में जाकर काम करने लगा। प्रेमिका सरिता सरोज की शादी की खबर लगते ही उसके होश उड़ गए। पांच दिन पहले ही वह गांव आया था।

—————–

एक ही दुपट्टे से लटका मिला प्रेमी युगल का शव

चौराड़ीह गांव स्थित कंधई लाल के गोशाले में भूसे वाले कमरे के अंदर एक ही दुपट्टे से प्रेमी युगल का शव लटकता हुआ मिला है। अपनी शादी को लेकर दोनों चिंतित रहते थे। परिजन दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण प्रेमी युगल ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

—————————-

दोनों की शादी के खिलाफ थे परिजन

लोगों के अनुसार प्रेमी युगल आपस में काफी प्रेम करते थे। दोनों आपस में शादी करना चाहते थे। दोनों के परिजन अलग बिरादरी होने के कारण शादी के खिलाफ थे। युवती के परिजनों ने उसकी शादी इलाके के ही एक गांव में तय कर दी थी। आठ मई को सरिता की बारात आनी थी। इसी को लेकर दोनों काफी चिंतित रहते थे।

———————–

खेत गिरवी रखकर युवती के पिता कर रहे थे शादी की तैयारी

चौराड़ी गांव निवासी नंदलाल अपनी बेटी सरिता की शादी चरवा इलाके के ही सिरियांवा गांव में तय की थी। पांच मई को तिलकर और आठ मई को बारात आनी थी। युवती के परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। पिता ने दस बिस्वा खेत गिरवी रखकर तिलक में देने के लिए बाइक भी निकाल ली थी। काफी जगहों पर शादी का निमंत्रण भी बंट चुका था।

—————

इनका कहना है

मामला आत्महत्या का लग रहा है। किसी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजन तहरीर देते हैं तो मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सत्येंद्र प्रसाद तिवारी, सीओ चायल

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें