भाकियू अंबावता ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, मासिक बैठक कर किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग, 7 बिंदुओं पर की गई चर्चा
E
कौशांबी जिले के मंझनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को समय 2 बजे भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) ने किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने डीएम को संबोधित 7 सूत्रीय मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। अफसर ने संगठन को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इससे पहले भाकियू (अंबावता) ने मंझनपुर स्थित डायट मैदान में मासिक बैठक की। बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। अध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय और अन्य पदाधिकारियों ने प्रमुख मांगों को उठाया। भाकियू अंबावता के नेताओं ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक सरकार ने कोई सिंचाई माध्यम नहीं बनाया। ग्रामीणों ने भूमि दान कर नलकूप लगाने की पहल की, लेकिन सिंचाई विभाग अब तक नलकूप स्थापित नहीं करा सका। इसके अलावा पिपरहटा गांव के लोग आज भी कच्चे रास्तों से आने-जाने को मजबूर हैं। विकास के तहत पक्की सड़क बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में नगर पंचायत चायल क्षेत्र में प्रसूताओं की मदद के लिए आशा बहुओं की नियुक्ति, महमतपुर गांव में पानी की आपूर्ति शुरू करने, सिराथू तहसील के भदवा मऊ गांव में भू-माफियाओं से सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने और तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई।
अध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो अगले महीने उग्र आंदोलन किया जाएगा।






