कौशाम्बी की जनता ने देश को दिया सबसे युवा सांसद

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कौशाम्बी

शब्बर अली/मो0 यासीन

कौशाम्बी संसदीय सीट पर मतदाताओं ने चौंकाने वाला फैसला दिया है। दो बार के सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद सोनकर को सपा के युवा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज ने भारी मतों के अंतर से पराजित किया। पुष्पेंद्र ने एक लाख तीन हजार 944 मतों से विनोद सोनकर को पटखनी दी। एक मार्च 1999 को जन्मे पुष्पेंद्र ने इसी साल एक मार्च को चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम आयु 25 साल पूरी की है। वह देश के सबसे युवा सांसद हैं। वैसे बिहार के समस्तीपुर से चुनाव जीतने वाली शाम्भवी चौधरी की आयु भी 25 वर्ष हैं।
शाम को परिणाम जारी होते ही सपा खेमे में जश्न शुरू हो गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गांव-गांव मिठाई बांटकर प्रसन्नता का इजहार किया। कौशाम्बी संसदीय सीट से अबकी बार दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। भाजपा के विनोद सोनकर लगातार तीसरी बार जीत के लिए दम भर रहे थे। तो वहीं सपा से पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज ने पहली बार चुनाव मैदान में दस्तक दी। चुनाव में मुख्य मुकाबला विनोद सोनकर और पुष्पेंद्र सरोज के ही बीच था। इसीलिए दोनों दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत का दावा करते रहे लेकिन मंगलवार को मतगणना के बाद आए परिणाम ने सबको हैरान कर दिया। पुष्पेंद्र सरोज को पांच लाख 92 हजार 65 मत मिले। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के विनोद सोनकर को चार लाख पांच हजार 750 वोट मिले। वहीं बसपा के प्रत्याशी शुभनारायण गौतम को 55499 वोट मिले। पुष्पेंद्र सरोज ने विनोद सोनकर को एक लाख तीन हजार 944 मतों के अंतर से पराजित किया। एक लाख से अधिक वोटों से जीत की जानकारी होते ही पुष्पेंद्र सरोज समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर पहुंचे, जहां पार्टीजनों और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पुष्पेंद्र सरोज ने अपनी जीत को जनता की जीत बताया है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें