दो मंगेतर के चक्कर में फंसी युवती, दोनों मंगेतर आपस में भिड़े
रिपोर्ट: शब्बर अली
पिपरी थाना इलाके के एक गांव की युवती दो मंगेतर के चक्कर में फंस गई। मंगलवार को दोनों मंगेतर अपने साथियों के साथ युवती के घर पहुंच गए। रास्ते में दोनों आपस में भिड़ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पकड़कर चौकी ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पिपरी इलाके की एक युवती का रिश्ता चरवा थाना इलाके के एक गांव में तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीचमोबाइल फोन पर बातचीत करने लगे। इसी दौरान कोखराज थाना इलाके के एक गांव के युवक से युवती की दोस्ती हो गई। चरवा वाले युवक से युवती ने ब्रेकअप कर कोखराज वाले युवक से फोन पर बात करने लगी। मामले की जानकारी होने के बाद चरवा के युवक का पारा गरम हो गया। मंगलवार सुबह वह अपने एक साथी के साथ युवती के घर जा धमका। युवती के दूसरे युवक से बात करने पर वह नाराज होकर हंगामा करने लगा। हंगामे की जानकारी युवती ने अपने कोखराज इलाके वाले मंगेतर को दे दी। जानकारी मिलने के बाद वह भी अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंच गया। दोनों मंगेतरों के बीच विवाद होने लगा। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराते हुए दोनों को घर भेज दिया। आरोप है कि चौराड़ीह के समीप दोनों फिर भिड़ गए। दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। जानकारी मिलने के बाद बैंक में मौजूद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और चारों को हिरासत में लेकर चौकी ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस सम्बंध में एसओ बलराम सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।





