ससुराल जाने से इंकार करने पर पति ने मौत के घाट उतारा

ससुराल जाने से इंकार करने पर पति ने मौत के घाट उतारा

रिपोर्ट: शब्बर अली

चरवा थाने के हरदुआ जोत गांव में सोमवार रात पत्नी को बुलाने उसकी ससुराल गए युवक ने सिल बट्टे से मारकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी की मौत के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

हरदुआ जोत गांव की शर्मिला देवी की शादी कोखराज थाने के गौरा भरवारी निवासी छेद्दू सिंह चौहान के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि छेद्दू ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। वह आए दिन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचता था और विवाद के बाद पत्नी की पिटाई करता था। एक सप्ताह पहले शर्मिला अपने तीन बेटों के साथ मायके अपने भाई दिनेश के घर चली आई। बड़ा बेटा सूरज (12), सोनू (10) और मोनू (08) को साथ लेकर आ गई। सोनू रविवार को अपनी बुआ के घर हंडिया बरौत चला गया था। शर्मिला अपने बेटे सूरज, मोनू और भौजाई लवली देवी के साथ घर पर थी। शाम को छेद्दू उसे बुलाने के लिए ससुराल पहुंचा। इसी बीच किसी बात को लेकर शर्मिला का उसके पति के साथ विवाद हो गया। तैश में आकर छेद्दू ने सिल बट्टे से शर्मिला के सिर और मुंह पर कई वार कर दिया। इससे वह गंभीर हालत में गिरकर तड़पने लगी। दोनों बेटों ने पिता को पकड़ने का प्रयास किया। पर, वह घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भौजाई लवली देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More