कड़ा इलाके में मिला चर्चित पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काजमी का पुश्तैनी घर
रिपोर्ट : शब्बर अली
पाकिस्तान की चर्चित पत्रकार और यू ट्यूबर आरजू काजमी के कौशाम्बी के कड़ा स्थित पुश्तैनी घर का पता चल गया है। स्वीडिश नागरिक और पाकिस्तानी मूल के लेखक डॉ. इश्तियाक अहमद ने पिछले दिनों आरजू के पुरखों का घर खोजा। आरजू ने पुश्तैनी घर मिलने की जानकारी एक्स पर दी है।
बेबाक पत्रकारिता के लिए चर्चा में रहने वाली आरजू का घर खोजने के लिए डॉ. इश्तियाक अहमद पिछले दिनों वाराणसी से प्रयागराज आए थे। अमित महेश्वरी और रजनीकांत त्रिपाठी की मदद से डॉ. इश्तियाक कड़ा गए। डॉ. इश्तियाक ने आरजू के पुश्तैनी घर का वीडियो बनाया। डॉ. इश्तियाक के साथ यू ट्यूब पर साक्षात्कार में आरजू ने पुरखों के घर का वीडियो साझा किया। साक्षात्कार में डॉ. इश्तियाक ने बताया कि कड़ा में आरजू के पुरखे बहुत समृद्ध थे। वीरान घर में आज भी एक छोटी मस्जिद और मदरसा है। आरजू के दूर के रिश्ते में भाई घर में रहते हैं। परिवार के एक सदस्य अमेरिका में बस गए, जो कभी-कभी आते हैं। डॉ. इश्तियाक के मुताबिक आरजू के पुरखों के घर के आसपास कई काजमी परिवार रहता है। सभी को आरजू के पुरखों के पाकिस्तान जाने की जानकारी नहीं है। एक-दो लोग ही जानते हैं। आसपास के लोगों से बातचीत के आधार पर डॉ. इश्तियाक ने बताया कि उनका परिवार गांव के बच्चों की तालीम और बड़ों को रोजगार देने का काम करता था। बच्चों को शिक्षा देने के लिए घर में मदरसा बनवाया था।





