कौशांबी : सियासी दिग्गजों के समर्थकों में अब वीडियो वार

कौशांबी : सियासी दिग्गजों के समर्थकों में अब वीडियो वार

भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के बाद अब सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत का भी वीडियो प्रसारित

वीडियो प्रसारित कर चुनावी माहौल बिगाड़ने का किया जा रहा है प्रयास

हिमांशु भट्ट
himanshu.karari@gmail.com
कौशांबी। तथागत की तपोभूमि यानी कौशांबी का सियासी पारा अब सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। जनता पर डोरे डालने के साथ सियासी दिग्गज एक दूसरे का चुनावी माहौल बिगाड़ने की भी कोशिश कर रहे हैं। इस काम की उनके समर्थकों में होड़ लगी हुई है। पहले भाजपा प्रत्याशी और अब सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज का विवादित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया है।

कौशांबी संसदीय सीट पर 20 मई को मतदान होगा। भाजपा के साथ यहां सपा गठबंधन ने भी अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा ने मौजूदा सांसद विनोद सोनकर तो सपा ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज पर दांव लगाया है। पुष्पेंद्र के साथ उनके पिता इंद्रजीत भी प्रचार में जुटे हुए हैं। विनोद सोनकर और उनके समर्थक भी इस काम में पीछे नहीं हैं। नगर से लेकर गांव की गलियों तक में नेता व उनके प्रचार वाहन नजर आ रहे हैं। यूं समझें कि मतदाताओं को रिझाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, यहां अभी कपड़ा, रुपया, मदिरा आदि के वितरण का दौर नहीं शुरू हुआ है। इस बीच दोनों ही दलों के प्रत्याशी, उनके समर्थक एक दूसरे का चुनावी पारा लुढ़काने की कवायद में जुट गए हैं। पखवाड़े भर पहले कथित तौर पर सपाइयों ने भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर का वीडियो वायरल किया था। इसमें वह ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए। खैर, यूपी हेडलाइन ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इसके बाद अब भाजपाइयों ने सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र के पिता इंद्रजीत सरोज का वीडियो प्रसारित किया है। इसमें वे एक जाति विशेष (रैदास) को आपत्तिजनक शब्द कहते दिख रहे हैं। दोनों का वीडियो तेजी से वायरल करने की होड़ लगी हुई है। इस बीच कुछ और आडियो , वीडियो भी प्रसारित किया गया है। बताया जाता है कि यह सभी पुराना है।
………
कौशांबी में कांग्रेस फिलहाल न्यूटल मोड पर

कौशांबी में कांग्रेस फिलहाल न्यूटल मोड पर नजर आ रही है। पार्टी ने अभी हाल ही में अरुण विद्यार्थी को पद से हटाकर गौरव पांडेय को जिलाध्यक्ष की कमान सौंप दी है। वह भी पार्टी कार्यक्रम और स्वागत में ही जुटे हुए हैं। पूरी कांग्रेस कमेटी चुनावी रणभूमि में नजर नहीं आ रही है। जबकि, इस सीट पर कांग्रेस का सपा से समझौता है। सियासी जानकर इसे सपा के लिए नुकसान बता रहे हैं।
………
www.upheadline.com
Mob: 9454210064

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More