निमंत्रण से लौट रहे बाइक सवार को बदमाशों ने पीटकर लूटा
⊕ संदीपन घाट थाने के तेरहमील के समीप मंगलवार रात की घटना
रिपोर्ट: शब्बर अली
संदीपन घाट थाने के तेरहमील के समीप मंगलवार रात निमंत्रण से वापस घर लौट रहे बाइक सवार को बदमाशों ने पीटकर लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल ने थाने जाकर तीन बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पिपरी थाने के दरियापुर गांव निवासी प्रदीप कुमार मंगलवार रात अपने साथी देवतादीन निवासी तरसौरा थाना कोखराज के साथ मंगलवार रात बाइक से काजीपुर बारात में शामिल होने के लिए गया था। निमंत्रण से वापस लौटते समय तेरहमील सैयद सरांवा मोड़ के समीप पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बाइक पर पीछे बैठे देवतादीन के विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। बदमाशों ने उसकी जेब में रखा दस हजार रुपया भी लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल ने थाने जाकर घटना की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






