जिला स्टेडियम सजधज कर तैयार, कई विभागों के लगेंगे स्टाल

कौशाम्बी

गुरुवार से केपीएल का आगाज, मैदान में दिखेंगे नामचीन खिलाड़ी
जिला स्टेडियम सजधज कर तैयार, कई विभागों के लगेंगे स्टाल
महिला क्रिकेट टीम मैच को लेकर महिला खिलाड़ियों में खासा उत्साह

जिला स्टेडियम में गुरुवार से कौशाम्बी प्रीमियर लीग का शुभारंभ होगा। क्रिकेट के साथ ही अन्य खेलों को लेकर कौशाम्बी के खिलाड़ियों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है। जिला स्टेडियम को केपीएल टीम ने भव्य तरीके से सजा दिया है। अन्य तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यहां देश के नामचीन खिलाड़ियों से जनपद के खिलाड़ी रूबरू होंगे। लाइव प्रसारण की तैयारियां अंतिम दौर में है। इसका डेमो शुरू हो चुका है।


जनपद के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच बनकर सामने आया है केपीएल। कौशाम्बी प्रीमियर लीग ने कौशाम्बी के खिलाड़ियों को उचित प्लेटफार्म देने के लिए अपने 12 वें संस्करण में नीलामी की प्रक्रिया भी रखी। इस प्रक्रिया में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता को परखा। साथ ही स्पांसर ने उनकी क्षमता को देखते हुए खरीदारी में पूरी दिलचस्पी दिखाई। आईपीएल की तर्ज पर हो रहे इस खेल को क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। सात मार्च से लेकर 11 मार्च तक क्रिकेट टूर्नामेंट होगा। 12 मार्च को फाइनल मुकाबला होगा। इसके लिए मतदाता जागरूकता, सर्व शिक्षा अभियान व बेटियों को पढ़ाने के लिए जिला स्टेडियम में स्टाल लगाएं जाएंगे। विभागों की ओर से जागरूकता अभियान को यहां से बढ़ावा दिया जाएगा।

जिला स्टेडियम में महिला क्रिकेट टीम के बीच भी मैच होगा। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की टीम के बीच पहला मुकाबला होगा। अभी फिलहाल दो ही टीमों ने इसके लिए आवेदन किया है। आयोजक डॉ. अरुण केसरवानी, अशोक विश्वकर्मा, कमल नारायण मिश्र व इंतेजार अहमद, मो.यासीन, अली मुक्तदा और सत्येंद्र खरे ने उम्मीद जताई है कि केपीएल में कई अन्य प्रदेशों की महिला क्रिकेट टीम शामिल हो सकती है।
————-
यूपीसीए के पदाधिकारी खिलाड़ियों पर रखेंगे नजरे
केपीएल के 12 वें संस्करण में यूपीसीए उत्तर प्रदेश क्रिकेट अकादमी के भी पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान वह कौशाम्बी के होनहार खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे। हालांकि यह कैनवास बाल क्रिकेट मैच है, लेकिन केपीएल की पूरी कोशिश है कि इसी बहाने लेदर बाल से खिलाने स्टेडियम के खिलाड़ियों की हकीकत से यूपीसीए के पदाधिकारी रूबरू हों। साथ ही प्रयास होगा कि यूपीसीए की ओर से होने वाले एक-दो मैच जिला स्टेडियम में हों, ताकि जनपद के खिलाड़ियों को नया मुकाम मिल सके।
————-
हर विधा के खिलाड़ियों की परखी जाएगी प्रतिभा
केपीएल क्रिकेट के लिए ही नहीं जाना जाता है। केपीएल क्रिकेट के साथ ही खो-खो, शतरंज, कैरम, लंबी कूद, हैंडबाल, 100 मीटर की रेस, 400 मीटर की रेस, 800 मीटर की रेस, 1600 मीटर की रेस का आयोजन कराएगा। सभी प्रतियोगिताओं की तारीख घोषित हो चुकी हैं। इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ी अपनी तैयारी में जुटे हैं। वह रियाज कर रहे हैं ताकि इस मंच पर वह अपना स्थान बना सके

 


————-
डीएम व एसपी करेंगे उद्घाटन
जिला स्टेडियम में होने जा रहे केपीएल का उद्घाटन डीएम राजेश कुमार राय व एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न स्कूलों से आए छोटे-छोटे बच्चों से मुलाकात करेंगे। यह बच्चे अलग-अलग क्रिकेट टीमों के साथ होंगे। स्कूल प्रबंधन इन बच्चों को लेकर आएगा और वह अपनी-अपनी टीम के समर्थन में उतरेंगे। इस दौरान बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More