कौशाम्बी
यूपी के कौशांबी में मंझनपुर मुख्यालय के कान्हा प्रिया गेस्ट हाउस में गुरुवार को वीरांगना ऊदा देवी पासी का शहादत दिवस मनाया गया। जिसमें पासी समाज के महापुरुषों के बलिदानों को याद किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता आंदोलन में पासी समाज की भूमिका विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिटायर जज राम सुचित सरोज ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी बहुत ही बहादुर एवं जाबांज महिला थीं। देश की आजादी के आंदोलन में ऊदा देवी ने अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने का कार्य किया था। सन 1857 की लड़ाई में वीरांगना ने 36 अंग्रेजों को मारकर वीरता का परिचय दिया था। इसी लड़ाई में वीरगति को प्राप्त हुई थीं। ऐसी वीरांगना के बलिदान को हमे भुलाना नहीं चाहिए। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री दुर्गा देवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य चुन्नी लाल सरोज ने किया था। कार्यक्रम में अखिल भारतीय पासी महासभा के अध्यक्ष उत्तराखंड के फतेह बहादुर, बारा विधायक वाचस्पति, पूर्व सांसद शैलेंद्र कुमार, भरवारी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कविता पासी, मंझनपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, नेवादा के पूर्व ब्लाक प्रमुख गिरीश पासी, पूर्व ब्लाक प्रमुख पंचूराम पासी, ओम प्रकाश पासी, पार्षद विक्रम सिंह, एडवोकेट मनका प्रसाद, अरुण भारतीय समेत तमाम पासी समाज के लोग मौजूद रहे।








