कौशांबी
संदीपनघाट कोतवाली के मोहिद्दीनपुर गौस (पंडा चौराहा) गांव में गुरुवार की रात हुए ट्रिपल मर्डर के बाद बवाल, आगजनी व गोली बारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वारदात के पांच दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने 40 अज्ञात उपद्रवियों पर एफआईआर दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने इनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोहिद्दीपुर गौस (पंडा चौराहा) गांव में जमीन विवाद को लेकर गुरुवार की रात विवादित जमीन पर झोपड़ी डाल कर सो रहे होरी लाल के साथ गर्भवती बेटी बृजकली व दामाद शिवसरन की कातिलों ने गोलीमार कर हत्या कर दिया था। हत्या के बाद उग्र हुए लोगों ने गांव में जमकर तोडफोड़, आगजनी, गोलीबारी करते हुए बवाल खड़ा कर दिया था। इस दौरान उपद्रवियों ने करीब एक दर्जर लोगों घर आग के हवाले कर दिया। शुक्रवार को गांव पुलिस छावनी में बदल गया। दमकलकर्मी चार घंटे बाद आग पर काबू पा सके। इसके बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सनसनी खेज वारदात के बाद मंगलवार को पुलिस ने गांव के ही राम सिंह की तहरीर पर आगजनी, बलवा व गोलीबारी करने वाले 40 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस अब खुराफातियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से बाद से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।






