कौशाम्बी

हापुड़ में अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर चायल तहसील बार इसोसिएशन के अधिवक्ता बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। मनौरी-चायल जाम कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
चायल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीत सिंह की अगुवाई में बुधवार को चायल में मौजूद अधिवक्ताओं ने न्यायालय कार्रवाई शुरू होने के पहले ही न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद वह तहसील परिसर में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इस बीच एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के कार्यालय सहित चकबंदी न्यायालय, और राजस्व विभाग के कार्यालय को बंद करा दिया। अधिवक्ताओं ने मनौरी-चायल सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के दौरान मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन मौके पर पहुंचे एसडीएम दीपेंद्र यादव को सौंपा। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में मांग किया कि हापुड़ जनपद न्यायालय परिसर में मंगलवार को पुलिस अधिकारियों के तानाशाही निर्देश पर पुलिस ने महिला व बुजुर्ग अधिवक्तओं के साथ-साथ अन्य अधिवक्ता के ऊपर बर्बतापूर्वक लाठी चार्ज किया। जिसमें बहुत से अधिवक्ता घायल हो गए हैं। पुलिसिया उत्पीड़न की घटना से हापुड़ के अधिवक्ताओं के साथ-साथ पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में व्यपाक रोष व्याप्त है। हापुड़ की घटना का संज्ञान लेते हुए वहां के पुलिस अधीक्षक, सीओ सतेन्द्र सिसोदिया व अन्य दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है। इस मौके पर महामंत्री राजेश्वर सिंह, कोषाध्यक्ष अजीत सिंह यादव, त्रिभुवन यादव, सुखलाल, यादव, रिजवान अहमद, सुरेंद्र सिंह, राकेश कुमार, मुलायम यादव, विनय कुमार, धर्मेंद्र सिंह, बांकेलाल, नूरुत जमां, मो.शाहरुख, रामनरेश और बलकरन सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।








