कौशांबी
कड़ा धाम थाना क्षेत्र सौराई बुजुर्ग में गुरुवार सुबह टॉफी खाने से चार बालिकाओं की हालत गंभीर हो गई। सुबह बालिकाएं छत पर खेलने गई थीं। छत पर पड़ी टॉफी को खाने के बाद बालिकाओं की हालत खराब हुई थी। दो बालिकाओं की प्रयागराज के चिल्ड्रेन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो बालिकाओं का इलाज चल रहा है। बालिकाएं एक ही परिवार की सदस्य हैं। जिनकी मौत हुई है, वह सगी बहने हैं।
कड़ा धाम थाना क्षेत्र के सौंरई बुजुर्ग निवासी राजकुमार प्रजापति की आठ वर्षीय बेटी वर्षा अपनी चचेरी बहन साधना (07), शालिनी (05) और राजकुमार की नतिनी आरुषि (05) गुरुवार सुबह छह बजे छत पर खेलने पहुंच गई। परिवार के लोग अन्य कार्यों में जुटे थे। इसी दौरान छत पर पड़ी टॉफी खाने से चारों बच्चियों की हालत खराब हो गई। सबको असहनीय पेट दर्द होने लगा। सीने में जलन भी थी। बच्चियों की ऐसी हालत देख परिवार के लोग परेशान हो गए। आनन-फानन बच्चियों को सीएचसी कड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। शाम को साधना, शालिनी व आरुषि को चिल्ड्रेन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर किया गया। वर्षा के पिता राजकुमार का कहना है कि उसके छोटे भाई वासुदेव की बेटी साधना व शालिनी की मौत हो चुकी है। आरुषि का इलाज चल रहा है। परिजनों ने पड़ोसी पर जहरीली टॉफी फेंकने का शक जाहिर किया है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है






