
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर (बिसारा) में तालाब में युवक का शव उतराता मिला। शव देख इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने देखा तो शोर मचाया, देखते देखते लोगों की भीड़ लग गई, लोगों ने पुलिस को सुचना दी। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। पुलिस ने शव की पहचान कराते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ज्ञात हो कि अंबेडकरनगर (बिसारा) निवासी विष्णु तिवारी (45) पुत्र राधेश्याम तिवारी रविवार सुबह करीब पांच बजे घर से अचानक लापता हो गया था। युवक के लापता होने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू किया पर उसका कहीं पता नहीं चल सका। शव गांव के समीप गाडे तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की जानकारी परिजनों को हुई तो वह रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक के भाई गंगाधर तिवारी ने बताया कि विष्णु दो वर्ष से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। मृतक विष्णु तिवारी के दो लड़के सत्यम (20), शुभम (18) पुत्री आराधना (16) है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से पत्नी किरन देवी व बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। इंस्पेक्टर बिनोद कुमार मौर्या ने बताया कि विष्णु की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई है, परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*रेलवे अंडर पास निर्माण के लिए ली गई पैमाइश*
कौशाम्बी। भरवारी में रेलवे अंडर पास के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सोमवार को रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर, जेई व अन्य अधिकारी भरवारी रेलवे क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि भरवारी रेलवे फाटक से दोनों ओर 75-75 मीटर लम्बाई व बीच सड़क से दोनों ओर 4-4 मीटर चौड़ी भूमि ली जाएगी। इसके बाद अधिकारियों ने फीता लगाकर रेलवे फाटक से 75 मीटर के दायरें में नाप कर निशान भी लगाया। निशान लगते ही सम्बंधित गृहस्वामियों में हड़कम्प मच गया।
ज्ञात हो कि भरवारी में लंबे समय से रेलवे अंडर पास बनवाने की मांग चल रही थी। हाल ही में इसकी प्रक्रिया तेज हो गई है। विभाग से इसका प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका था। सोमवार को रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग प्रयागराज के असिस्टेंट इंजीनियर अनूप पांडेय के निर्देश पर जेई विनय कुमार पांडे व जेई बृजेश राज सहित अन्य रेलवे अधिकारियों की टीम भरवारी पहुंची और क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भरवारी रेलवे फाटक से दोनों ओर 75-75 मीटर लम्बाई व बीच सड़क से दोनों ओर 4-4 मीटर की चौड़ी भूमि ली जाएगी। उन्होंने बताया कि अंडर पास लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) बनना है। इस लिए ज्यादा भूमि का नुकसान नही होगा। इसके बाद अधिकारियों ने फीता लगाकर रेलवे फाटक से 75 मीटर के दायरें में नाप कर निशान भी लगाया। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग के जेई विनय कुमार पांडे ने बताया कि बहुत ही जल्द नाप के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। तीन महीने के अंदर निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। यह निर्माण कार्य लगभग सौ दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रहेगा। रेलवे की ओर से निशान लगने के बाद रेलवे फाटक के आसपास रहने वाले लोगों में हड़कम्प मच गया है।
*हत्या का फरार मुख्य आरोपित को भेजा जेल*
कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के नौबस्ता गांव में चार महीने पहले हुई गैरइरादतन हत्या का फरार चल रहा मुख्य आरोपित सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा। घटना होने के बाद से वह फरार था। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए हत्यारोपित को जेल भेज दिया है।
ज्ञात हो कि नौबस्ता म्योहर गांव में पांच फरवरी को जमीन की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी चल गई थी। मारपीट में विष्णु (45) पुत्र खुद्दी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने 14 लोगों क़े खिलाफ केस दर्ज कर विष्णु को जिला अस्पताल भेज दिया था। हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज एसआरएन अस्पताल रेफर ले जाया गया। जहां 12 फरवरी को विष्णु की मौत हो गई थी। पुलिस ने मारपीट की धारा को गैर इरादतन हत्या में तरमीम करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि घटना का मुख्य आरोपित कंधई लाल पुत्र संभारी फरार चल रहा था। सोमवार चौकी प्रभारी अर्का सियाकांत चौरसिया ने आरोपित को पकड़ लिया। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने जेल भेज दिया है।
*नगर पालिका अध्यक्ष भरवारी ने की जनसुनवाई*
कौशाम्बी। नगर पालिका अध्यक्ष भरवारी कविता पासी ने सोमवार को नगर के चमरूपुर स्थित कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान आए फरियादियों ने वार्डों की सफाई न होने की शिकायत अध्यक्ष से की। इसके अलावा नगर के कई जगहों पर जलभराव की स्थिति के बारे में बताया।
सोमवार को नगर पालिका भरवारी अध्यक्ष कविता पासी चमरूपुर स्थित कार्यालय पहुंची। यहां पर उन्होंने विभिन्न वार्डों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। बिसारा से आए सुशील कुमार ने वार्डों की सफाई न होने की शिकायत की। आरोप लगाया है कि नए जुड़े गांवों में सफाई की अनदेखी की जा रही है। नगर के सईगंज मोहल्ले से रामचंद्र, अंसवा से उषा देवी ने भूमि विवाद की शिकायत की। पेंशन के मामलों में हस्तक्षेप कर नगर पालिका के कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि पात्र लोगों को चिन्हित कर योजनाओं का लाभ दिलाएं। कोई भी पात्र योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। इसके अलावा उन्होंने नगर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए अधिशाषी अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि एडवोकेट आशीष पासी, लल्लू प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे।








